मध्यप्रदेश को लंबे मंथन के बाद आखिरकार सोमवार को नया मुख्यमंत्री मिल गया। एक चौंकाने वाले घटनाक्रम के तहत शिवराज की विदाई के साथ ही उनकी ही सरकार के मंत्री रहे मोहन यादव को प्रदेश की कमान मिल गई।
मोहन यादव के साथ ही प्रदेश के इतिहास में पहली बार दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए। जगदीश देवडा और राजेंद्र शुक्ला को ये दायित्व मिला। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर अब विधानसभा अध्यक्ष होंगे।
इन नामों के साथ ही भाजपा आलाकमान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चौंकाने वाल फैसले लेने में उनका कोई तोड़ नहीं। साथ ही अब तक जिन बड़े नामों को लेकर प्रदेश में अटकलो का दौर चल रहा था वे सब खाली हाथ रह गए।
विधायक दल की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री रहे प्रहलाद पटेल, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जैसे कुछ नामों को लेकर दिनभर अटकलों का दौर चलता रहा लेकिन ये ये सभी नाम खाली हाथ ही रह गए।
इससे पहले विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। इसके साथ ही शिवराज सिंह की विदाई भी तय हो गई।
इससे पहले बैठक के लिये सभी भाजपा विधायक सोमवार को भोपाल पहुंचे। विधायक दल की बैठक से पहले बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई। भोपाल में पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर, के. लक्ष्मण और आशा लकड़ा भोपाल ने सभी विधायको से रायशुमारी के बाद मध्यप्रदेश के नए सीएम के नाम का एलान किया।