MP News: मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाघ का आतंक फैल गया है। खासकर पन्ना, सिवनी और भोपाल में बाघ की दस्तक से लोगों में दहशत छा गई है। पन्ना टाइगर रिजर्व में जहां बाघ महिला को घसीटकर जंगल ले गया, वहीं सिवनी में उसने इंसान का शिकार किया। इधर, भोपाल में रिहायशी इलाकों में दो बाघ मूवमेंट कर रहे हैं।
राजधानी भोपाल के रिहाइशी इलाके में भी बाघ का मूवमेंट होने की ख़बर है। भोपाल के मिडोंरा से कलियासोत तक दो एडल्ट टाइगर का हो रहा मूवमेंट हो रहा है। एरिया में स्ट्रीट लाइट चालू होने से खतरा और भी बढ़ गया है।
एक्सपर्ट्स का कहना है, कि बाघ और इंसानों का आमना-सामना होने का भी ख़तरा बढ़ गया है। चंदनपुरा, कलियासोत डैम, वाल्मी के आसपास ही ये दोनों एडल्ट टाइगर घूम रहे हैं। यह पूरा क्षेत्र बाघ रेंज क्षेत्र से सटा हुआ है। बाघ के मूवमेंट की खबर मिलते ही वन विभाग सतर्क हो गया। जिला प्रशासन ने बाकायदा घोषणा जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय लोगों को शाम के बाद जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। लोगों को घर पर ही रहने की हिदायत दी गई है। शाम चार बजे से सुबह आठ बजे तक जंगल से गुजरने वाली सड़क पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है।
वहीं पन्ना टाइगर रिजर्व में एक महिला को बाघ जंगल में खींच ले गया। हादसा रिजर्व के हिनौता गेट के पास हुआ। घटना के वक्त महिला प्रतिबंधित क्षेत्र में चारा काट रही थी। बताया जा रहा है कि महिला हिनौता गांव की रहने वाली है। इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। पन्ना टाइगर रिजर्व में इस तरह की घटना पहली बार हुई है।
इसी तरह सिवनी के कुरई विकासखंड में भी बाघ ने एक व्यक्ति का शिकार किया। घटना वन ग्राम बावनथड़ी की है। इंसानों के शिकार के बाद अब इस इलाके में आदमखोर बाघों की आवाजाही जारी है। घटना के बाद वन अमला मौके पर मौजूद है। वन विभाग की टीम चप्पे-चप्पे पर बाघ की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि रेस्क्यू टीम को घटना स्थल के पास बाघ के पगों के आने-जाने के निशान मिले हैं। ड्रोन और हाथियों की मदद से बाघ का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वन विभाग का कहना है कि बाघ को देखते ही ट्रैंकुलाइज कर लिया जाएगा।