MP Election: मालवा फतह को बेताब कांग्रेस, 3 दिन में दूसरी बार इंदौर में प्रियंका


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार शाम इंदौर में इंदौर 1 विधानसभा क्षेत्र में आमसभा और रोड शो करेंगी..!

मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिनों में ही विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होने जा रही है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव में जीत का सेहरा अपने सिर बाँधने के लिए पूरा ज़ोर लगा रही हैं। कांग्रेस ने भी प्रदेश की सत्ता के द्वार यानी मालवा फतह पर फोकस कर दिया है। इसी के चलते प्रियंका गांधी एक बार फिर से इंदौर आ रही हैं।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार शाम इंदौर में इंदौर 1 विधानसभा क्षेत्र में आमसभा और रोड शो करेंगी। तीन दिन में प्रियंका गांधी का यह दूसरा इंदौर दौरा है। प्रियंका दिन में 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद सांवेर विधानसभा के मांगलिया में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। इसके साथ ही वह शाम 5 बजे इंदौर-1 में कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के साथ रोड शो करेंगी।

जानकारी के मुताबिक, प्रियंका मांगलिया में करीब 45 मिनट तक जनसभा करेंगी। यहां वह लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी रीना बौरासी सेतिया के लिए चुनाव प्रचार कर वोट देने की अपील करेंगी। रीना बौरासी प्रेमचंद गुड्डु की बेटी हैं। यहां बीजेपी से मंत्री तुलसी सिलावट चुनाव मैदान में हैं।

प्रियंका गांधी दोपहर 2 बजे यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा देवास जिले के खातेगांव के लिए रवाना होंगी। यहां डाकबंगला मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जोशी के समर्थन में सभा होगी। प्रियंका गांधी दोपहर 3.30 बजे खातेगांव से इंदौर के लिए रवाना होंगी। वे शाम 5 बजे से इंदौर-1 विधानसभा में 3 किमी लंबा रोड शो करेंगी।

वे शाम करीब 6.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। इंदौर 1 क्षेत्र में प्रियंका गांधी का यह रोड शो काफी अहम माना जा रहा है। बीजेपी ने यहां से अपने राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को मैदान में उतारा है। कांग्रेसने यहां से विधायक संजय शुक्ला को उम्मीदवार बनाया है।