मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरे जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए कई बड़े राष्ट्रीय नेताओं के दौरों का दौरा सिलसिला भी जारी है। राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 28 अक्टूबर को दमोह आ रही हैं। यहां प्रियंका पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ आमसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी की नजर बुंदेलखंड पर है जहाँ कांग्रेस को अपने प्रदर्शन में सुधार की जरुरत है।
बुंदेलखंड इलाके में विधानसभा की 26 सीटें आती हैं। अगर 2018 के विधानसभा चुनाव की करें तो बुंदेलखंड की 26 सीटों में से 17 में बीजेपी और सात में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। यहां से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के खाते में भी एक-एक सीट आई थी। कांग्रेस को अगर भाजपा को सत्ता वापसी से रोकना है तो उसे बुंदेलखंड में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
अगर दमोह विधानसभा की बात की जाये तो फिलहाल यहां कांग्रेस के अजय टंडन विधायक हैं। पार्टी ने एक बार फिर अजय टंडन पर भरोसा जताया है। इसके अलावा बीजेपी ने दमोह विधानसभा चुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। यहां से बीजेपी ने पूर्व वित्त मंत्री जयंत कुमार मलैया को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
प्रियंका गांधी का दमोह दौरा कांग्रेस पार्टी और दमोह से कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन के लिए कितना फायदेमंद होगा ये तो वक्त ही बताएगा।