MP Elections Results: शिवराज बोले- MP के मन में मोदी जी, मोदीजी के मन में MP


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधा लगाने पहुंचे..!

विधानसभा चुनाव के लिए काउंटिंग के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधा लगाने पहुंचे। इस बीच सीएम शिवराज ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, एमपी के मन में मोदी जी हैं और मोदीजी के मन में एमपी हैं। उनके प्रति मध्यप्रदेश की जनता की अगाध आस्था है।

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने केंद्र सरकार की नीतियों को ठीक से लागू किया। प्रदेश में जो सरकार बनीं उसने लोगों की हिस्सेदारी को बढ़ा दिया। मध्य प्रदेश एक परिवार बन गया। अमित शाह जी की अचूक रणनीति का साथ मिला।

मध्यप्रदेश में भाजपा की यह शानदार विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति असीम श्रद्धा और अकाट्य विश्वास तथा उन्होंने जो यहाँ सभाएं की और जनता से अपील की, वह जनता के दिलों को छू गयी और उसी के कारण यह परिणाम आ रहे हैं।

डबल इंजन की सरकार, दिल्ली में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो काम किया, उसे हमने यहाँ इम्प्लीमेंट किया और यहाँ जो योजनाएँ बनीं, लाड़ली लक्ष्मी से लेकर लाड़ली बहना तक का जो अद्भुत सफर तय किया, गरीबों, किसानों, भांजे-भांजियों के लिए जो काम हुए, वो भी जनता के दिल को छू गये।

संगठन के नेतृत्व में सभी ने अथक परिश्रम किया। प्रदेश में बीजेपी के चुनाव अभियान को सही गति और दिशा मिली। मैंने पहले भी कहा था कि लोगों के प्यार के कारण ही भाजपा को शानदार बहुमत मिला। हर जगह दिखाई दे रहा था।

लाड़ली बहना योजना के साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना ने भी काफी अच्छा काम किया। मध्य प्रदेश के जनादेश की तस्वीर साफ होती दिख रही है। शुरुआती रुझानों के हिसाब से प्रदेश में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है।

बता दें कि मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए हुए चुनाव बाद रविवार सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में BJP और कांग्रेस में बराबरी की टक्कर के बाद भाजपा ने बंपर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। कांग्रेस अब मुकाबले से बाहर होती नज़र आ रही है। अभी तक 230 में से 140 सीट पर बीजेपी और 85 पर कांग्रेस आगे चल रही है।