मप्र की शिवराज सरकार ने आज युवाओं के लिए अपनी महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना' की शुरूआत कर दी। इस मौके पर चौहान ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने की सरकार की कोशिश है, इसी के विस्तार में रोजगार और अन्य जरूरतों के तहत यह योजना शुरू की गई है। उन्होंने शिक्षा के लिए विभिन्न वर्गों के लिए दी जा रही सुविधाओं का उल्लेख किया।
शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री हर महीने एक दिन रोजगार दिवस मनाते हैं और नियुक्ति पत्र देते हैं। मैनें भी 1 साल में एक लाख सरकार भर्ती देने की घोषणा की थी इसके तहत अब साठ हजार सरकारी नौकरी दी चुकी है तथा बाकी भी 15 अगस्त के पहले तक दे दी जाएंगी। इसके बाद 50 हजार नए पद पर भर्ती का अभियान चलेगा। चूंकि सभी को सरकारी नौकरी नही मिल सकती, लिहाजा उद्योग आदि के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
इसमें पचास लाख तक के लोन का प्रावधान है, गारंटी भी सरकार देगी। अब संभागों में भी ग्लोबल स्किल सेंटर खोले जा रहे हैं, युवा ऊंची उड़ान भर सकें इसलिए सीखो कमाओ योजना बनाई गई है। इसे ढंग से समझें और रोजगार चाहिए तो कौशल सीखना भी जरूरी है। हम अलग अलग उद्योग, सर्विंग सेक्टर, प्रतिष्ठनों के लिए हुनर तैयार करेंगे। योजना के तहत युवाओं को 8 हजार से 10 हजार प्रतिमाह मिलेंगे इसके लिए 18 से 29 तक आयु, स्थाई निवासी, बैंक खाता आधार लिंक जरूरी होगा।
कई प्रस्तावों को भी मंजूरी
इस कार्यक्रम से पहले कैबिनेट बैठक में प्रदेश के देवास, धार, शाजापुर, आगर, उज्जैन, छिंदवाड़ा सहित 12 जिलों के 22 विकासखंडों में आइटीआइ की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इन विकासखंडों में आइटीआइ की स्थापना से प्रदेश के सभी विकासखंडों में आइटीआइ हो जाएंगे। कौशल विकास का प्रशिक्षण देने के लिए केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रत्येक जिले में कम से कम एक आइटीआइ होना चाहिए। वहीं संत रविदास सांस्कृतिक न्यास, भेड़ बकरी का पालन करने वाले पाल गडरिया धनगर वर्ग के कल्याण के लिए बोर्ड के गठन पर विचार हुआ। इसी तरह कुडमी जाति को राज्य की पिछड़ा वर्ग की सूची में अलग से दर्शाया गया है। इसे अब विलोपित कर कुरमी, कुर्मी के साथ सम्मिलत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवा का फार्म भरवाया वीडी बोले- नया कनेक्ट कायम हुआ
योजना की लांचिंग से पहले सीएम शिवराज ने प्रदेश के युवाओं के नाम अपने संदेश में कहा कि देश का अनूठा प्रयोग है मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना आज का दिन मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। आज से प्रदेश में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना लागू हो रही है, जो युवाओं में नया उत्साह, आशा और विश्वास भरेगी। उद्योग, कंपनियां और सर्विस सेक्टर उत्साह के साथ इस योजना से जुड़ रहे हैं। स्किल्ड मैनपॉवर और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में मध्यप्रदेश एक बार फिर नया इतिहास रचेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ टेबल पर बैठकर उनके फार्म भरवाने की शुरुआत की, फार्म भरने की सारी प्रक्रिया को उन्होंने कंप्यूटर टेबल पर बैठकर सामने देखा। वहीं भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि आज युवाओं को रोजगार देने वाली संस्थाओं के मिलन का दिन है। इस नयी योजना से मप्र के युवाओं को हुनरमंद बनने और नौकरी पाने के द्वार खुल गये हैं।