डबल इंजन सरकार पर MP का भरोसा, टॉप 3 राज्य में ले जाना हमारा टारगेट


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

भाजपा सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से देश के टॉप 10 राज्य में ले आई है, यहां से हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को टॉप 3 राज्य में ले जाने का है..!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के ग्वालियर पहुंचे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। जो समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा। 

इस मौके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा ग्वालियर की इस ऐतिहासिक धरती को मेरा शत-शत नमन। ये धरती साहस, स्वाभिमान, सैन्य गौरव, संगीत, स्वाद और सरसों का प्रतीक है। ग्वालियर ने देश के लिए एक से एक क्रांतिवीर दिए हैं। ग्वालियर चंबल ने राष्ट्र रक्षा के लिए, हमारी सेना के लिए अपनी वीर संताने दी हैं। ग्वालियर ने भाजपा की नीति और नेतृत्व को आकार दिया है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे जी और अटल बिहारी वाजपेयी जी को गढ़ा है।

हम जैसे करोड़ों भारतीयों को देश की आजादी के लिए लड़ने का सौभाग्य नहीं मिला, लेकिन भारत को विकसित और समृद्ध बनाने का दायित्व हमारे कंधों पर है। आज भी इस मिशन को आगे बढ़ाने आपके बीच ग्वालियर आया हूँ। आज 19 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। आप देख सकते हैं कि एक साल में कोई सरकार जितने लोकार्पण और शिलान्यास के कार्य नहीं कर सकती वो कार्य एक दिन में हमारी सरकार करती है।

आज मध्य प्रदेश का भरोसा डबल इंजन सरकार पर है, डबल इंजन यानी एमपी का डबल विकास। भाजपा सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से देश के टॉप 10 राज्य में ले आई है। यहां से हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को टॉप 3 राज्य में ले जाने का है। 

आपका एक वोट मध्य प्रदेश को नंबर 3 पर ले जा सकता है। डबल इंजन को दिया आपका हर वोट एमपी को टॉप 3 में पहुँचाएगा। एमपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते हैं जिनके पास ना सोच है, ना विकास का रोड मैप। इनका एक ही काम है देश की प्रगति से नफरत, देश की योजनाओं से नफरत। डबल इंजन को दिया आपका हर वोट, देश और मध्य प्रदेश को टॉप-3 में पहुंचाएगा।

पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है, आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिख रहा है लेकिन जो राजनीति में उलझे हैं उन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिख रहा, उन्हें दुनिया में बजता भारत का डंका अच्छा नहीं लगता। ये विकास विरोधी लोग सिद्ध करने में जुटे हैं कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है सत्ता के भूखे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है।

विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे, उनके पास भी मौका था लेकिन नहीं कर पाए। वे तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे और आज भी खेल रहे हैं। वे तब भी जाति-पाति में बांटते थे, आज भी कर रहे हैं। वे तब भी आकंठ में भ्रष्टाचार में डूबे थे आज भी डूबे हैं वे तब भी एक परिवार का गौरवगान करते थे, आज भी वही करने में अपना भविष्य देखते हैं।

मोदी ने गरीब परिवारों को पक्के घर की गारंटी दी है। अभी तक लाखों घर गरीब परिवारों को दिए जा चुके हैं। जब इन लोगों की सरकार दिल्ली में थी, तब गरीबों के घर के नाम पर लूट होती थी, इनके बनाए घर रहने लायक नहीं होते थे। लेकिन आज जो घर बन रहे हैं उनमें खुशी-खुशी गृह प्रवेश हो रहा है। क्योंकि ये घर हर लाभार्थी अपने हिसाब से बना रहा है।

पहले घर के नाम पर सिर्फ चार दीवारें खड़ी होती थीं। आज जो घर मिल रहे हैं उनमें नल से जल, उज्जवला की गैस, सब कुछ एक साथ मिलता है। इन घरों की लक्ष्मी यानी मेरी माताएं-बहनें घर की मालिक हों ये भी मोदी ने सुनिश्चित किया है। पीएम आवास योजना की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर भी होती है। पीएम आवास से करोड़ों बहनें लखपति हुई हैं।

मैंने अपनी गारंटी पूरी की है, आज बहनों से गारंटी चाहता हूँ कि घर मिलने के बाद अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ाना है, कोई न कोई कौशल सिखाना है। नारी सशक्तिकरण अधिनियम वोटबैंक के लिए नहीं बल्कि भारत के निर्माण के लिए समर्पित मिशन है। पहले की सरकारों ने आरक्षण के नाम पर वोट लिए लेकिन मोदी ने गारंटी दी थी। आज नारी शक्ति अधिनियम एक सच्चाई बन चुका है।

ग्वालियर चंबल आज अवसरों की भूमि बन रहा है। विरोधी दलों के बड़बोले नेताओं को कई दशकों तक सरकार में रहने का मौका मिला, लेकिन तब गरीब पिछड़े लोगों की सुनवाई नहीं होती थी। मध्य प्रदेश के लिए अगले 5 साल बहुत अहम हैं। ग्वालियर में नया एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, स्कूल कॉलेज से लेकर पूरे ग्वालियर की तस्वीर बदल रही है।

पिछली शताब्दी का मध्य प्रदेश 2 लेन की अच्छी सड़क के लिए तरसता था, आज 8 लेन की शानदार सड़कें बन रही हैं। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून व्यवस्था से राज्य विकसित और समृद्ध होता है। जिनको किसी ने नहीं पूछा उन्हें मोदी पूछता है, मोदी पूजता है। 

गांधी जयंती के अवसर पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, गांधी जी स्वच्छता की बात करते थे। कल पूरे देश में स्वच्छता का कार्यक्रम हुआ, आपने एक भी कांग्रेसी को इस अभियान से जुड़ते या अपील करते देखा क्या? मध्य प्रदेश का नाम स्वच्छता में नंबर 1 पर है, ये भी कांग्रेस वालों को पसंद नहीं है। ऐसे लोगों पर भरोसा कर सकते हैं क्या? ऐसे लोगों से मध्य प्रदेश को बचाना है। जब दिल्ली और भोपाल दोनों जगह जनता को समर्पित सरकार होती है तो काम तेजी से होते हैं।