बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म पठान अब मुश्किलों में फंसती नज़र आ रही है। हाल ही में पठान फिल्म का एक गाना रिलीज हुआ है, जिसके बोल बेशरम रंग हैं, इस गाने के रिलीज होने के बाद से विवाद गहराता चला जा रहा है। अब इस गाने को लेकर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी विवाद में कूद पड़े हैं। 

उनका कहना है, कि “फिल्म पठान के गाने में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा बेहद आपत्तिजनक है और गाना दूषित मानसिकता के साथ फिल्माया गया है। गाने के दृश्यों व वेशभूषा को ठीक किया जाए अन्यथा फिल्म को मध्यप्रदेश में अनुमति दी जाए या नहीं दी जाए,यह विचारणीय होगा।”

आपको बता दें, कि सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट की मांग लगातार उठ रही है, क्योंकि दावा है कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भगवा पोशाक पहन रखी है और गाने का नाम बेशरम रंग है! गाने के रिलीज़ के बाद से ही सोशल मीडिया पर भी माहौल काफी गर्म हो चला है। यूजर्स लगातार गाने को लेकर रिएक्ट कर रहे हैं। 

हालांकि इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका की जोड़ी सालों बाद अच्छी लग रही है, लेकिन यूजर्स शाहरुख-दीपिका को इस गाने के लिए काफी ट्रोल कर रहे हैं। कुछ लोगों ने गाने को अश्लील तो कुछ ने हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला तक बता दिया।

'पठान' एक बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड फिल्म है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित थे, लेकिन अब वही फैंस फिल्म के गाने के कारण फिल्म के बायकॉट की मांग कर रहे हैं, कुछ ट्विटर यूजर्स ने लिखा कि अगर फिल्म ऐसे हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करेगी तो इस फिल्म का हश्र भी आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' जैसा होगा।'