'स्कूल चलें हम अभियान' 2023 के तहत प्रदेश का पहला सीएम राइज़ स्कूल बनकर तैयार हो गया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 जुलाई को 'स्कूल चलें हम अभियान 2023' का शुभारंभ करेंगे, इस दौरान प्रदेश के पहले सीएम राइज स्कूल का उद्घाटन भी किया जाएगा।
इसे लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम शाजापुर जिले के गुलाना में नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल में होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुलाना में 42 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रदेश के पहले सीएम राइज स्कूल भवन का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 11 बजे से किया जाएगा, जो प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी स्कूलों में दिखाया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने "स्कूल चले हम अभियान 2023" के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं। कार्यक्रम में सभी विद्यालयों में एसएमडीसी, एसएमसी एवं अभिभावक शिक्षकों की विशेष बैठक आयोजित की जायेगी। जिसमें पूर्व विद्यार्थियों एवं जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जायेगा।
"स्कूल चले हम अभियान" को जन आंदोलन में बदलने के लिए 17 से 19 जुलाई तक प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में जनभागीदारी से "भविष्य से भेंट" कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्ति, स्थानीय व्यक्ति आदि प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से मिलेंगे, अपने अनुभव साझा करेंगे तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु बच्चों के बेहतर भविष्य हेतु प्रोत्साहित करेंगे।