MPPSC 2019 का परिणाम घोषित, टॉप 10 में 7 महिलाएं, प्रिया पाठक टॉपर


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

87 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम और चयन सूची घोषित, 13 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम रोके

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2019 का परिणाम घोषित कर दिया है। शीर्ष 10 सफल उम्मीदवारों में सात महिलाओं ने जगह बनाई है। प्रिया पाठक ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

मंगलवार देर रात घोषित परिणाम के मुताबिक प्रिया पाठक राज्य सेवा परीक्षा 2019 में शीर्ष स्थान पर रहीं और उप जिलाधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) पद पर चयनित हुईं हैं।

उप जिलाधिकारी पद पर चयनित शीर्ष 10 उम्मीदवारों में क्रमश: शिवांगी बघेल, पूजा सोनी, राहुल कुमार पटेल, निधि मिश्रा, हरनीत कौर कलसी, सौरभ मिश्रा, सलोनी अग्रवाल, रितिका पाटीदार और आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर शामिल हैं।

साल 2019 में कुल 571 पदों के लिए राज्यसेवा-2019 घोषित हुई थी। ताजा परिणाम में इन पदों के मुकाबले सिर्फ 87 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम और चयन सूची घोषित की गई है। इस तरह पीएससी ने सिर्फ 472 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की है।

पीएससी द्वारा घोषित नतीजों में कुल 24 डिप्टी कलेक्टर, 19 डीएसपी, 17 कोषालय अधिकारी समेत वाणिज्यिककर अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंजीयक जैसे पदों के लिए चयन सूची घोषित की है।

इन तमाम पदों के लिए 87 प्रतिशत के अनुपात में ही चयन सूची जारी की गई है।  शेष 13 प्रतिशत अभ्यर्थियों के नाम होल्ड पर रख दिए गए हैं। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर कोर्ट का निर्णय आने के बाद ही शेष 13 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम आएंगे।