नवरात्रि के पहले दिन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की 144 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। अभी कांग्रेस की ओर से दूसरी लिस्ट जारी नहीं की गई है, लेकिन इससे पहले ही  सांसद नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा जिले से अनऑफीशियली दो प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। नकुलनाथ के प्रत्याशियों की घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कांग्रेस की इस पहली सूची में कमल नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की एक सीट के लिए उम्मीदवार के नाम की भी घोषणा की गई, यह उम्मीदवार खुद कमलनाथ हैं। फिलहाल इस सीट से कमलनाथ विधायक हैं। बात करें छिंदवाड़ा की तो यहां कुल 7 विधानसभा सीटें हैं। सिर्फ एक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा के बाद बाकी 6 सीटों पर अटकलें शुरू हो गईं। लेकिन सांसद नकुल नाथ की घोषणा के बाद अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया।

सोमवार (16 अक्टूबर) को नकुलनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह बैठक में सभी का स्वागत करते हुए कह रहे हैं कि 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कमलेश शाह हमारे उम्मीदवार होंगे। वर्तमान में, कमलेश शाह अमरवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार 15 अक्टूबर का है। सांसद नकुलनाथ ने यह घोषणा अमरवाड़ा विधानसभा के सिंगोड़ी और धनौरा के बड़े गांव में एक आमसभा के दौरान की।

वहीं ऐसा ही एक और वीडियो परसिया विधानसभा  की तुमड़ी से सामने आया है। इस वीडियो में सांसद नकुलनाथ कह रहे हैं कि सोहनलाल वाल्मिकी परसिया विधानसभा से प्रत्याशी होंगे। हालांकि सोहन वाल्मिकी उम्मीदवार होंगे, लेकिन जब आप वोट करेंगे तो सोहन भैया को नहीं बल्कि कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट करेंगे। ये वीडियो सोमवार 16 अक्टूबर का बताया जा रहा है। जो सोशल मीडिया पर वायरल है। नकुलनाथ के इस ऐलान के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

अब कांग्रेस इन दोनों सीटों पर असल में किसे उम्मीदवार बनाती है ये तो कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आने के बाद ही साफ होगा। बहरहाल अपने नामों की घोषणा के बाद उम्मीदवार काफी उत्साहित हैं।