मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कई राजनीतिक दल अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने वाले विधायक नारायण त्रिपाठी की विंध्य जनता पार्टी (VJP) ने भी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस पहली सूची में 25 नामों की घोषणा की गई है, नारायण त्रिपाठी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि आने वाले दिनों में और नामों की घोषणा की जाएगी।
विंध्य जनता पार्टी के गठन के साथ ही पहली प्रेस कांफ्रेंस भी की गई। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नारायण त्रिपाठी ने कहा, हमने हमेशा विंध्य प्रदेश की मांग की। बीजेपी के सामने जब हमने विंध्य प्रदेश की मांग रखी तो हमे बागी बना दिया गया। बड़ी मुश्किल से हमने विंध्य जनता पार्टी का गठन किया। हमारे साथ छल कपट किया गया, कोई भी पार्टी विंध्य का विकास नहीं कर पाई। जिस राम के नाम पर राजनीति होती है वो राम की भूमि चित्रकूट आज भी विकास से अछूता है। विंध्य पूरी तरह उपेक्षित है इस लिए विंध्य के पुर्न निर्माण के लिए हम चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
नारायण त्रिपाठी ने विंध्य जनता पार्टी की 25 प्रत्याशियों की सूची जारी करने के साथ ही इस बात के संकेत दिए कि विंध्य जनता पार्टी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नारायण त्रिपाठी मैहर से चुनाव लड़ेंगे।


पार्टी ने ब्यौहारी से लेखन सिंह, जयसिंह नगर से फूलमती सिंह, जैतपुर से हीरालाल पनिका, अनूपपुर से प्यारेलाल पनिका, पुष्पराजगढ़ से अमृतलाल सोनवानी, बांधवबढ़ से धूप सिंह, मानपुर से राजकुमार बैगा, शहपुरा से मदन सिंह परस्ते, डिंडौरी से सितार मरकाम, भोपाल दक्षिण पश्चिम से मनीष पांडेय, अंबेडकर नगर-महू से वैधनाथ मिश्रा, बड़ामलहारा से दिनेश यादव को टिकट दिया गया है।
मैहर से चार बार विधायक चुने गए नारायण 2003 में समाजवादी पार्टी से विधायक चुने गए, जबकि 2013 में वह कांग्रेस से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इस बीच साल 2009 में उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा। कांग्रेस विधायक होते हुए भी उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया और 2015 में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और 2016 का उपचुनाव भाजपा के टिकट पर जीता। 2018 के चुनाव में भी उन्होंने बीजेपी से चुनाव लड़ा और चौथी बार मैहर से विधायक बने। अब इस बार वह अपनी पार्टी विंध्य जनता पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।