कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए जा रहे बयानों को लेकर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कटाक्ष किया है। नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल बाबा के दिमाग में अखंड ठंड बैठ गई है लगता है वे महाभारत का कोई इटैलियन संस्करण पढ़कर आए हैं।
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा है कि मैंने पहले भी कहा था कि कोई राहुल गांधी को बताए कि सर्दी पड़ रही है। अब ऐसा लगता है कि उनके दिमाग में अखंड ठंड बैठ गई है।
महाभारत के प्रसंगों का जिक्र किए जाने को लेकर मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि राहुल गांधी ने महाभारत का कोई इटेलियन संस्करण पढ़ लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अभी कौरवों को नेकर पहले बता रहे थे कल को पांडवों को टी शर्ट पहने बताएंगे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आरएसएस के लोगों को 21वीं सदी का कौरव बताया था। राहुल ने कहा था कि "21वीं सदी के कौरव खाकी हाफ-पैंट पहनते हैं और शाखाएं लगाते हैं उनके पीछे देश के 2-3 अरबपति लोग खड़े हैं"। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि महाभारत में जब उस समय की जो लड़ाई थी, वही आज भी है। पांडव कौन थे? अर्जुन, भीम ये लोग कौन थे? ये लोग तपस्या करते थे। आप लोगों ने महाभारत पढ़ी है। क्या पांडवों ने कभी गलत किया? कभी नोटबंदी की? गलत GST लागू की क्या? क्योंकि वो जानते थे, ये सब चोरी करने का गलत तरीका है।