छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड 42 के लिए हुए उपचुनाव में कमलनाथ और कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहाँ BJP के पार्षद प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान ने 436 वोट से जीत दर्ज की है। दोनों दलों ने यहाँ प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी।
पार्षद के चुनाव में विधायक से लेकर बड़े बड़े नेता सक्रिय दिखाई दिए थे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ कमलनाथ के नाम पर वोट प्रत्याशी वोट मांगते नज़र आये थे।
भाजपा के संदीप सिंह चौहान को 1226 वोट मिले वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी 790 मत हासिल कर पाए। संदीप सिंह चौहान की जीत के बाद भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इसे कमलनाथ की हार बताया।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कमीशन नाथ अब छिंदवाड़ा को भी अस्वीकार...छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड 42 के उपचुनाव में भाजपा के श्री संदीप चौहान ने 436 वोटों से विजय प्राप्त की। भाजपा का खिल रहा कमल, छिंदवाड़ा में 'नाथ' हो रहे विफल
दूसरी ओर परासिया के वार्ड 6 से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा पप्पू मरकाम जीतीं। दोनों ही सीट पार्षदों के निधन के बाद खाली हुई थीं। मतदान 13 जून को हुआ था। इधर देवास जिले की सतवास नगर परिषद में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लाला पटेल ने जीत दर्ज की है।