राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के पोस्टर्स से सियासी तनाव बढ गया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नाथ को 'वॉन्टेड' बताया गया है। ये पोस्टर्स मनीषा मार्केट में लगाए गए। खास बात यह कि इसमें एक बार कोड भी है। मोबाइल से इसे स्कैन करने पर इसका वीडियो भी प्ले होगा। कोड से पहले लिखा हुआ है- करप्शन नाथ के कांड जानें।

पोस्टर्स में कमलनाथ सरकार के 15 महीनों का जिक्र करते हुए घोटालों की बात कही गई है। लिखा है- '15 माह की सरकार वांछित में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने किए हैं घोटाले ।' कांग्रेस ने इसे कमलनाथ की छवि बिगाड़ने की कोशिश करार देते हुए कहा कि भाजपा ने आज साबित कर दिया है। कि वह किसी भी स्तर तक जा सकती है। 

केके मिश्रा ने कहा कि 'हम भरसक कोशिश करेंगे कि मप्र का वातावरण विषाक्त नहीं हो, मुद्दों पर चुनाव हो । मगर भाजपा यदि इस डर्टी पॉलिटिक्स पर आई तो हमारे पास भ्रष्टों के खिलाफ प्रामाणिक भंडार हैं, हमें छेड़े न, वरना हम छोडेंगे नहीं।' भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, कांग्रेस हमेशा आरोप लगाती है। भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।