भोपाल में मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की सामान्य परिषद की बैठक में बताया गया कि भोपाल में राष्ट्रीय मीडिया संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में एक केन्द्रीय स्टूडियो, डिजिटल मीडिया लैब, सिनेमा और भारतीय भाषाओं पर केन्द्रित अलग-अलग विभाग और भरतमुनि शोध पीठ स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। 

जनवरी 2018 के बाद हुई सामान्य परिषद की बैठक में पिछले वर्षों के बजट अनुमान, लेखा और ऑडिट रिपोर्ट को मंजूरी दी गई। विभिन्न प्रशासनिक मामलों पर भी निर्णय लिये गये। बताया गया कि एशिया के पहले और देश के सबसे बड़े पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधान लागू किये गये हैं। इंडिया टुडे, द वीक जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं द्वारा विश्वविद्यालय को देश के शीर्ष 10 शैक्षणिक संस्थानों में स्थान दिया गया है।

जनरल काउंसिल ने विश्वविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के लिए 7वां वेतनमान लागू करने की मंजूरी भी दे दी है। इसके साथ ही सभी शिक्षकों को 01 जनवरी 2016 से प्रभावी 7वें वेतनमान के आधार पर एरियर का भुगतान करने की भी अनुमति दी गई। संविदा पर कार्यरत शिक्षकों को नियमित करने पर भी सहमति बनी है। महापरिषद ने सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने को भी मंजूरी दे दी। बैठक में विश्वविद्यालय के नये परिसर के बारे में भी जानकारी दी गयी।

बैठक में विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं सामाजिक दायित्वों के लिए बिशनखेड़ी स्थित विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में रेडियो कर्मवीर की स्थापना को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही रिसर्च बुक राइटिंग, पीएचडी कोर्स में सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई।

बैठक में सांसद इंदौर शंकर लालवानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.जी. सुरेश, सचिव जनसंपर्क विवेक पोरवाल, दादा लखमीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स रोहतक के कुलपति गजेन्द्र सिंह चौहान, वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव, अतुल तारे, द इंडिया टूडे ग्रुप के एक्जीक्यूटिव एडीटर  सईद अंसारी, चैनल हेड बंसल न्यूज  शरद द्विवेदी, इनाडू ग्रुप के रविकांती श्रीनिवास, बैंगलुरू की डॉ. नंदिनी लक्ष्मीकांता, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म अहमदाबाद के शिरीष काषिकर तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।