MP कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग, नए सक्रिय पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

अब पार्टी में नये सिरे से नए सक्रिय पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी..!!

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद मंगलवार 26 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी भंग कर दी गई है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह ने जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक के बाद दी। उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक जिला अध्यक्ष और प्रभारी काम करते रहेंगे। अब पार्टी में नये सिरे से नए सक्रिय पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। 

इससे पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हाल ही में कमल नाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया था। जबकि भंवर जितेंद्र सिंह को रणदीप सुरजेवाला की जगह मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जितेंद्र सिंह मंगलवार को भोपाल पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक की।

बैठक में ये फैसला किया गया कि प्रदेश में पद लेकर बैठे नेताओ की छुट्टी कर दी जाएगी। इसी के साथ ही कांग्रेस की पुरानी और नई कार्यकारिणी और सभी समितियां भी भंग कर दी गईं। प्रदेश में नए सिरे से नए पदाधिकारी बनाए जाएंगे।

बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और सुरेश पचौरी मौजूद रहे।