उमरिया जिले में बनेगी नवीन अमरपुर तहसील


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

सितम्बर की 24 तारीख के बाद यह नवीन तहसील विधिवत रुप ले लेगी..!

भोपाल: राज्य सरकार ने उमरिया जिले में नवीन अमरपुर तहसील बनाने की प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लिये वर्तमान तहसील मानपुर को तोड़ा जायेगा। अगले माह सितम्बर की 24 तारीख के बाद यह नवीन तहसील विधिवत रुप ले लेगी। नवीन तहसील अमरपुर में वर्तमान तहसील मानपुर के राजस्व निरीक्षक मंडल के 10,  राजस्व निरीक्षक मंडल इंदवार के सभी 12, रानिमं चिल्हारी के सभी 12, रानिमं  ताला के 3 पटवारी हल्के सुखदास, बकेली व उमरिया, इस प्रकार कुल 37 पटवारी हल्के शामिल होंगे।

ये भी बनेंगी नवीन तहसीलें:

प्रदेश में तीन और नवीन तहसीलें भी आगामी 24 सितम्बर के बाद मूर्त रुप लेंगी। इनमें धार जिले की सरदारपुर तहसील को तोडक़र नवीन तहसील अमझेरा, सीहोर जिले में वर्तमान तहसील भेरुंदा को तोडक़र नवीन तहसील गोपालपुर, मंदसौर जिले में तहसील मंदसौर को तोडक़र नवीन तहसील धुंधडका बनाई जायेगी।