भोपाल: राज्य के पुलिस मुख्यालय ने पुलिस के 28 पदों पर सीधी भर्ती के लिये नये नियम जारी कर दिये हैं। इनमें शामिल हैं : सूबेदार अनुसचिवीय शीघ्रलेखक, सहायक उप निरीक्षक अनुसचिवीय, प्रधान आरक्षक कम्प्यूटर, आरक्षक जनरल ड्यूटी, आरक्षक फोटो, आरक्षक क्युडी, आरक्षक फिंगर प्रिन्ट, आरक्षक रेडियो आपरेटर, आरक्षक वाहन चालक, आरक्षक कुक, आरक्षक नाई, आरक्षक धोबी, आरक्षक मोची, आरक्षक वाटर कैरियर, आरक्षक स्वीपर, आरक्षक मेसन, आरक्षक बिगुलर, आरक्षक टेन्ट खलासी, आरक्षक इलेक्ट्रिशियन, आरक्षक फिटर, आरक्षक टर्नर, आरक्षक वेल्डर, आरक्षक बढ़ई, आरक्षक दर्जी, आरक्षक माली गार्डन क्युरेटर, आरक्षक प्लंबर तथा आरक्षक अन्य ट्रेड। इन पदों पर कितने व्यक्ति नियुक्त किये जायेंगे, यह अलग से तय किया जायेगा।
उक्त पदों के लिये व्यक्ति का रोजगार पंजीयन जरुरी होगा। तीन साल तक निरन्तर सेवा में रहने वाले होमगार्ड सैनिकों को आरक्षक पदों के लिये लिखित परीक्षा देने से छूट रहेगी। पुरुषों के लिये आयु सीमा 18 से 33 वर्ष, महिलाओं एवं आरक्षित वर्ग तथा शासकीय निगम/मंडल/स्वायत्त संस्था के कर्मचारी एवं होमगार्ड के लिये 18 से 38 वर्ष आयु रहेगी।
साथ ही विक्रम अवार्ड से सम्मानित अभ्यर्थी को आयु में अधिकतम 5 वर्ष की छूट दी जायेगी और अजा, जजा एवं ओबीसी अभ्यर्थी को अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत सम्मानित दंपत्ति के उच्च जाति के पति या पत्नी के मामले में भी आयु सीमा में अधिकतम 5 वर्ष की छूट दी जायेगी। भूतपूर्व सैनिकों को आयु सीमा में अधिकतम 3 वर्ष कीह छूट रहेगी।