भोपाल: राज्य के विमानन संचालनालय में अब संविदा आधार पर प्रशासकीय अधिकारी यानि एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर की नियुक्ति नहीं होगी। विमानन विभाग ने यह नियुक्ति प्रक्रिया निरस्त कर दी है। यह मामला लोकायुक्त में भी शिकायत के जरिये पहुंचा था।

उल्लेखनीय है कि विमानन विभाग के रिटायर्ड अण्डर सेके्रटरी चन्द्रकांत कश्यप को विमानन संचालनालय में संविदा पर एओ बनाने के लिये भर्ती प्रक्रिया शुरु की थी, परन्तु उसने नियमों के बाहर जाकर यह प्रक्रिया शुरु की। इस पर पहले सीएम से घोटाले की शिकायत हुई फिर सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी गई। इसके बाद लोकायुक्त संगठन में भी शिकायत की गई।

विमानन विभाग ने इस मामले में सारी जानकारी संचालनालय से मंगाई तथा अब उक्त भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर दी है। चूंकि संविदा पर कोई नियुक्ति की ही नहीं गई है, इसलिये किसी भी अधिकारी पर जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। लोकायुक्त संगठन को भी अब यही जवाब भेजा जायेगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार स्टेट वित्त सेवा की एक अधिकारी को विमानन संचालनालय में एओ के पद पर नियुक्त कर चुकी है।