दो दिन पहले सोशल मीडिया पर जुबैर मौलाना का स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। मामले को लेकर पुलिस ने सोमवार को FIR दर्ज की थी। देर रात पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों की गिरफ्तारी कर स्टंट में उपयोग की गई जीप जब्त कर ली गई है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी नागपुर भागने की फ़िराक में थे। लेकिन इससे पहले ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। तीनों आरोपियों को निशातपुरा SP कार्यालय में पेश किया गया है। अवाला इसके बॉन्ड न भरने पर आरोपियों को SP ने जेल भेज दिया है।
भोपाल के बदमाश जुबैर मौलाना का, जीप के बोनट पर खड़े होकर स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में आरोपी अपने साथियों के साथ चलती जीप के बोनट पर खड़ा नजर आ रहा है। वीडियो में मौलाना जुबैर का साथी सनी भी स्टंट करते नजर आ रहा था।
वीडियो बीते शुक्रवार की रात का बताया जा रहा है। रविवार को यह बात सामने आई। ये गैंग सनी मलिक की बर्थडे पार्टी में इकट्ठा हुई थी। वीडियो गांधी नगर इलाके में पार्टी करके देर रात घर लौटते समय बनाया गया था। वीडियो में एक कार रिवर्स में चलती भी दिखाई दे रही है। कार में सवार जुबेर के गिरोह के सदस्यों ने वीडियो शूट किया था। जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि सड़क पर पास-पास तीन-चार वाहन चल रहे हैं। इनमें से तीन-चार लोग खुली जीप में खड़े हैं। दो लोग बोनट पर हैं, जबकि दो लोग साइड गेट पर खड़े हैं। जीप के ठीक बगल में एक लग्जरी कार चल रही है, और तीन-चार वाहन आगे-पीछे जा रहे हैं। जिनमें से दो कारें पीछे आ रही हैं। इनमें से एक कार तेजी से पीछे की रिवर्स में चल रही है। इसी बीच जीप के गेट पर खड़ा एक शख्स भी पास में चल रही गाड़ी पर पैर रख देता है, लेकिन कुछ मिनट बाद वह अपना पैर हटा लेता है।
जुबेर के खिलाफ भोपाल में 65 मामले दर्ज हैं। जिनमें से 44 संगीन अपराध हैं। घटना के बाद वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वह पुलिस पर हमला करने से नहीं हिचकिचाता। यही वजह है कि कोई भी पुलिसकर्मी उसके यहां अकेला नहीं जाता।
जुबैर मौलाना जुआ, गांजा और अवैध हथियारों का कारोबार करता है। जुलाई 2021 में क्राइम ब्रांच ने उसके जुए के रैकेट पर छापा मारा था। जिसमें बड़ी संख्या में आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जांच में ऐशबाग टीआई अजय नायर, बीट प्रभारी नीलेश पटेल पर जुबेर से मिलीभगत का आरोप लगाया था। तत्कालीन डीआईजी इरशाद वली ने टीआई से लाइन जोड़ दी, जबकि बीट प्रभारी को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने कोई नोटिस नहीं दिया है। न ही किसी ने इसकी शिकायत की है।