मध्यप्रदेश में अब गायों और और अन्य पशुओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस चलाई जाएंगी। प्रदेश के हर ब्लॉक में एक एम्बुलेंस होगी। इसमें एक डॉक्टर, कंपाउंडर और ड्राइवर रहेगा। इसका नंबर 1962 रहेगा। एक महीने में ये एम्बुलेंस प्रदेश में चलने लगेगी।
यह ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमरकंटक में किया। वे अनूपपुर में आयोजित आचार्य श्री विद्यासागर जीवदया (गौसेवा) सम्मान समारोह में भाग ले रहे थे। इस मौके पर CM शिवरज ने गौ शालाओं का सफल संचालन करने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गौ सेवकों को सम्मानित भी किया।
CM शिवराज ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज करोड़ों लोगों को धर्म और मोक्ष का मार्ग दिखा रहे हैं। जो सनातन भारतीय परंपरा है, उस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए और महावीर स्वामी जी ने जो राह दिखाई है, उस पर चलने के लिए जन-जन को प्रेरित कर रहे हैं| श्री विद्यासागर जी अद्भुत संत हैं। वे केवल जैन धर्म के नहीं, राष्ट्र के संत हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हम अपने नेत्रों से उनके दर्शन कर पा रहे हैं।
CM शिवराज ने आगे कहा कि "आत्मवत सर्वभूतेषु" अर्थात सबको अपने जैसा मानो। जीओ और जीने दो। यही पवित्र भाव सबके अंतर्मन में जागृत हो जाए, तो सभी झगड़े समाप्त हो जाएं। मानवता का कल्याण इसी दर्शन में निहित है।