मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भोपाल में आयोजित महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के सम्मेलन में बड़ा ऐलान किया है। सीएम शिवराज के ऐलान के मुताबिक़ मध्यप्रदेश के महापौरों, निकायों के अध्यक्षों और पार्षदों को अब दोगुना का मानदेय मिलेगा। सीएम ने चेताया कि अगर कोई बिल्डर नई अवैध कॉलोनी काटेगा, तो वह जेल जाने को तैयार रहे।

नगरीय निकायों के नव-निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण सह-सम्मेलन कार्यक्रम में CM शिवराज ने कहा कि घमंड और अहंकार बिल्कुल न लाएं। हम सिर्फ कुछ लोगों के लिए नहीं हैं। अगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद हैं तो सबके लिए हैं। सबका ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। 

CM शिवराज ने कहा कि मैं सभी चुने हुए जनप्रतिनियों को बधाई देता हूं। आप सभी जनता की सेवा करते हुए ऐसा स्थान बनाएं कि वह अपने पलक-पांवड़े में आपको बिठा ले और आप अपने शहर और प्रदेश के विकास के लिए लगातार आगे बढ़ते चले जाएं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि काम करने के लिए कई बार और सुविधाओं की आवश्यकता होती है इसलिए सब के मानदेय को बढ़ाकर मैं दुगुना करता हूं। मानदेय दोगुना करने के साथ-साथ जो भत्ता दिया जाता है उस भत्ते को दोगुना किया जाता है ताकि हमारे अध्यक्ष, मेयर, पार्षद सब ढंग से काम कर सकें।

सम्मलेन में मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों की मृत्यु बीमा राशि ₹2 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख किये जाने की घोषणा भी की। साथ ही ₹770 करोड़ की लागत से नगरीय निकायों की सड़कों का पुनर्निर्माण का ऐलान भी सीएम शिवराज ने किया। 

राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सख्त भी दिखे। उन्होंने कहा कि अगर कोई बिल्डर नई अवैध कॉलोनी काटे, तो उसे जेल भेज दो। नियम-प्रक्रिया पूरी नहीं करे तो जेल भेज दो। पुरानी, अवैध कॉलोनियों में कई दिनों से लोग घर बनाकर रह रहे हैं। ऐसी कालोनियों को सरल नियम प्रक्रिया बनाकर, उनको वैध करने का काम सरकार करेगी।