भोपाल: वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा भोपाल से इंदौर व जबलपुर के बीच शुरू होने वाली है। इसके लिए भोपाल को उक्त ट्रेन के लिए एक रैक मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उक्त दोनों ट्रेनों को 27 जून को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। इसके पहले 1 अप्रैल को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस चली थी।
रेलवे के अधिकारियों का दावा है कि भोपाल से जबलपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस 4.30 घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी। भोपाल से इंदौर पहुंचने में वंदे भारत ट्रेन को साढ़े तीन घंटे लगेंगे। भोपाल से जबलपुर के के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 9.30 बजे रवाना होकर इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर होते हुए दोपहर दो बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में दोपहर तीन बजे जबलपुर स्टेशन से रवाना होकर वंदे भारत इसी मार्ग से शाम 7.30 बजे भोपाल पहुंचेगी।
इसके अलावा, भोपाल से इंदौर के लिए जो संभावित समय बताया जा रहा है, उसके अनुसार इंदौर से सुबह 6.25 बजे रवाना होकर यह विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सुबह नौ बजे भोपाल पहुंचेगी।