बड़वानी पुलिस ने चार जेबकतरों को गिरफ़्तार किया है। एक सरपंच और एक पंच भी शामिल है। आरोपी भीड़भाड़ वाले आयोजनों और समारोहों में पर्स और मोबाइल चोरी करते थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा में भी आरोपियों ने पर्स और मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
दरअसल पुलिस को ये शिक़ायत मिली थी कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा में लोगों की जेबें काटी गई थीं। इस पर पुलिस ने एक टीम गठित की और इन जेबकतरों को धर-दबोचने का प्लान बनाया।
मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने कूकी बाज़ार में चार संदिग्धों को गिरफ़्तार कर लिया। इन जेबकतरों की तलाशी लेने के दौरान पुलिस को ब्लेड, कटर और कई चाबियां बरामद हुईं। इसके अलावा संदिग्धों के पास से कई सारे मोबाइल एक कार और एक लाख सत्रह हज़ार रुपए की नगदी भी बरामद की गई है।
पकड़े गए जेबकतरों मेंसे एक आरोपी धार के ग्राम देवधा का सरपंच है वहीं एक अन्य आरोपी इन्दर सिंह ग्राम देवधा का पंच है। आरोपियों ने बड़वानी में सीएम की सभा और रोड शो में लोगों की जेबें काटना स्वीकार किया है।