मध्यप्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाइयां और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। इसी कर्म में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नेता कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की और उनको बाधाई दी।
मुलाक़ात के बाद मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमल नाथ का कहना है, “मैंने उन्हें बधाई दी और राज्य के विकास के लिए हर संभव मदद देने का वादा किया। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि विपक्ष के रूप में हम मध्य प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए काम करेंगे।”
आपको बता दें मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर कई दिनों से चल रहा सस्पेंस खत्म हो चुका है। विधायक दल की बैठक में मोहन यादव के नाम पर सहमति बनी थी। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। मोहन यादव को संघ का करीबी बताया जाता है।
वहीं एमपी में भी दो डिप्टी सीएम होंगे। यह जिम्मेदारी जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को सौंपी गई है। इसके साथ ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम राजभवन पहुंचे और राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाक़ात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया है।