मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेस कर 25 सितंबर को प्रधानमंत्री के भोपाल आगमन व कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों की जानकारी दी व कांग्रेस पर सियासी हमले किए। हालांकि बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं के पार्टी छोड़ने व कांग्रेस में जाने व इसके लिये जिम्मेदारी के सवाल पर वीडी शर्मा ने लंबा जवाब दिया।
वीडी शर्मा ने कहा कि ऐसा परसेप्शन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग भाजपा छोड़कर जा रहे हैं उनका स्वार्थ भी हो सकता है। लेकिन यह भी सच है कि एक महीने में ही भाजपा की यात्रा के दौरान 24 लाख लोग भाजपा के सदस्य बने हैं। जबकि यह भी सभी के सामने हैं कि कांग्रेस के 28 विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में आ गये थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर आज जमकर निशाने साधे और कहा कि वह भाजपा की सौम्य जनआर्शीवाद, स्नेह व विकास यात्रा के जवाब में जनआक्रोश यात्रा निकाल रही है, लेकिन यह आक्रोश उसके काडर के भीतर भी है और जनता में भी कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश है।
उन्होंने आगे कहा कि अभी आलम यह है कि कमलनाथ आक्रोश यात्रा से गायब हैं और दिग्विजय पोस्टरों से। कहीं बंदूक निकल रही हैं कहीं लात घूंसे चल रहे हैं। कांग्रेस अभी तक 2003 के हालात से नहीं उबर पाई है। कमलनाथ थोडे समय सीएम बने तो भाजपा सरकार की योजना बंद कर दीं। इसलिये लोगों में आक्रोश है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा गठबंधन बनाया है जो सनातन के खिलाफ बोलते हैं। जब सनातन का अपमान होता है तो कमलनाथ मौन साध लेते हैं और जब वोट लेना होता है तो धार्मिक हो जाते हैं।