प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से मध्यप्रदेश के दौरे पर ग्वालियर आ रहे हैं। पीएम मोदी  21 अक्टूबर को सिंधिया स्कूल के स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे।  पीएम मोदी अपने दौरे पर करीब ढाई घंटे ग्वालियर में बिताएंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय से खबर मिलते ही ग्वालियर प्रशासन और पुलिस ने दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पीएम मोदी एयरफोर्स बेस सेंटर पर उतरेंगे। इसके बाद वहां से हेलीकॉप्टर से ग्वालियर के ऐतिहासिक किले पर बने सिंधिया ब्वॉयज स्कूल पहुंचेंगे। यहां पहुंचकर वह समारोह में शामिल होंगे। महज 19 दिनों में पीएम मोदी का यह दूसरा ग्वालियर दौरा है।

पीएम मोदी शाम 5:00 बजे से 6:30 बजे तक सिंधिया स्कूल परिसर में समय बिताएंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्कूल के सभी गवर्निंग सदस्य ग्वालियर किले में बने हेलीपैड पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। बाद में, पीएम मोदी को शाही राजसी पोशाक में समारोह स्थल तक ले जाया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी सिंधिया स्कूल की 125वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे और अपना संबोधन देंगे।

पीएम मोदी सिंधिया स्कूल में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ग्वालियर किले से कार द्वारा एयरफोर्स बेस सेंटर पहुंचेंगे। यह पूरा क्षेत्र 20 किलोमीटर तक है। पीएम के दौरे के रूट पर करीब 5000 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।