नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टर्स में कहा गया- यह क्षेत्र केवल सनातन और सनातन धर्म से जुड़े शुभ कार्यों के लिए सुरक्षित है। यहां अन्य समुदाय (गैर-हिंदू) का प्रवेश वर्जित है। पुलिस ने सभी पोस्टर हटा दिए है।

दो दिन पहले का सेठानी घाट का एक वीडियो सामने आया था। यहां मुस्लिम समुदाय के लोग इकट्ठे हुए थे। वीडियो में कुछ लोग हरे झंडे और तलवारें लहराते हुए धार्मिक नारे भी लगाते देखे गए थे।

इसके विरोध में हिंदू संगठनों के लोग पीपुल्स चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और भगवा झंडा भी फहराया। जय श्री राम का नारा लगाते हुए सभी लोग सड़क पर बैठ गए। सभी ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। करीब एक घंटे तक गतिरोध बना रहा। जिसके चलते रूट डायवर्ट करना पड़ा।

पोस्टर किसने लगाए अभी ये साफ़ नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर लगाने वाले हिंदू संगठन या अन्य लोग हो सकते हैं। पुलिस के मुताबिक़ शहर का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। यदि कोई ऐसा करेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।