प्रवासी भारतीय सम्मेलन में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर पहुँच गई हैं। इंदौर एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय सम्मेलन में 30 प्रवासी भारतीयों को भारत सरकार की ओर से प्रवासी भारतीय सम्मान  से नवाजेंगी। 

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति मुर्मू का एयपोर्ट पर स्वागत किया।  उन्होंने ट्वीट किया- महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु जी का मां अहिल्या की नगरी इंदौर में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। इंदौर और मध्यप्रदेश के लिए आज दुर्लभ अवसर और गर्व का विषय है। इंदौर का मंच आज तीन देशों के राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति का साक्षी होगा-

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा आयोजित भोज में शामिल होंगीं। इसके बाद वे आयोजन स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुँचेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 2:30 बजे सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चन्द्रिका प्रसाद संतोखी और दोपहर 2:55 बजे गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली से भेंट भी करेंगी।साथ ही वे कार्यक्रम के समापन सत्र में विशेष रूप से मौजूद रहकर प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार-2023 प्रदान करेंगी।