राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा है कि अब वक्त आ गया है कि हम भविष्य का रोडमैप तैयार करें और आगे बढ़ें, उन्होंने कहा कि हमारा देश अमृतकाल से गुजर रहा है लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप अब ग्रामीणों क्षेत्र में भी शहरों की तरह स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए। राष्ट्रपति यहां इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड समारोह को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि इंदौर ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना स्थान बनाए रखा है और अब स्मार्ट सिटी में भी सबसे ऊपर है। उन्होंने विजेता शहरों के अफसरों को पुरस्कार वितरित किये। राज्यों की रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर आया है। इसके अलावा देश के अन्य शहरों के विभिन्न नवाचारों के प्रोजेक्ट्स को भी पुरस्कृत किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि इंदौर हमारे सपनों का शहर है। अब यह सफाई में स्मार्ट सिटी का सिरमौर भी है। इंदौर में न कोई पूरब का न कोई पश्चिम का रहता है। जो इंदौर आता है वो इंदौर का ही हो जाता है। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि राज्य में स्मार्ट सिटी मिशन सपनों को असल में बदलने का प्रयास है। हमारा देश सभी दिशाओं में अतुल्य और अद्भुत भारत निर्माण की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी बोले, छप्पन दुकान बहुत चर्चित स्थान हैं। इंदौर शहर एक मॉडल बन गया हैं। मप्र ने बैंचमार्क स्थापित किया हैं। महामारी के दौरान स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर वार रूम बने।
राज्यों की रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर
इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एनवायरनमेंट, वाटर, सेनिटेशन सहित अन्य श्रेणियों में पहला स्थान व तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान मिला है। राज्यों की रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर आया है। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हम पहले स्थान पर आ गए तो फूले नहीं, कांपीटिशन तगड़ा है। अच्छे कार्यों में प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, इससे पूरा देश तरक्की करेगा।
इसके अलावा देश के अन्य शहरों के विभिन्न नवाचारों के प्रोजेक्ट्स को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें कोयंबटूर, न्यू टाउन कोलकाता, कानपुर, अहमदाबाद, भोपाल, जबलपुर, लखनऊ, चंडीगढ़, पिंपरी-चिंचवड़, उदयपुर, सूरत, आगरा, ग्वालियर, सागर, वडोदरा, शिवमोगा, राजकोट, हुबली धरवाड़, सूरत, भुवनेश्वर, कोहिमा, नामची, रांची, सोलापुर और वाराणसी शामिल हैं। अन्य प्रदेशों व स्मार्ट सिटी के महापौर, आयुक्त, स्मार्ट सिटी के सीईओ अधिकारी इसमें शामिल थे।
इससे पहले डेलीगेट्स ने इंदौर स्मार्ट सिटी के विभिन्न प्रोजेक्ट का मुआयना भी किया। इसके अलावा, स्मार्ट सिटी मिशन चार की रिपोर्ट भी जारी की गई। कॉन्क्लेव में विकास लक्ष्य, एससीएम के न्यूज लेटर्स का संग्रह और आईएसएसी-2023 पुरस्कार पुस्तिका भी लॉन्च हुई। समारोह में इंदौर को सात पुरस्कार मिले। राष्ट्रपति ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह को सम्मानित किया।