50% कमीशन के ट्वीट पर घिरीं प्रियंका गांधी, FIR कराने थाने पहुंचे भाजपाई


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

भाजपा नेता प्रियंका गांधी पर FIR कराने क्राइम ब्रांच पहुंचे..!

मध्यप्रदेश सरकार को 50% कमीशन वाली सरकार बताने वाले ट्वीट को लेकर प्रियंका गांधी पर भाजपा ने हल्लाबोल दिया है। भाजपा नेता प्रियंका गांधी पर FIR कराने क्राइम ब्रांच पहुंचे और प्रियंका गांधी, कमलनाथ समेत फर्जी पत्र की पोस्ट शेयर करने वाले कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की।

आवेदन देने पहुंचे प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मप्र में चुनाव आते ही कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है। पत्र में दिया गया संगठन, व्यक्ति और पता भी फर्जी है। कांग्रेस और कमलनाथ केवल झूठ-फरेब का सहारा लेकर मप्र में जनता को गुमराह करना चाहते हैं। मंत्री सारंग के साथ विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी वायरल लैटर को फ़र्ज़ी बता प्रियंका गांधी पर झूठ प्रचारित करने का आरोप लगाया। वीडी शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी को जवाब देना पड़ेगा कि यह पत्र कहां से आया। झूठे पत्र के आधार पर आपने देश को गुमराह किया है।

वीडी शर्मा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पहले आपके भाई से झूठ बुलवाकर दिग्विजय-कमलनाथ ने झूठा साबित कर दिया। अब आपको भी आज उन्होंने झूठा साबित कर दिया। कांग्रेस के नेतृत्व को जवाब देना पडे़गा। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।