सांवेर में प्रियंका का वार, सिलावट सरकार में कर रहे थे मिलावट


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

प्रियंका ने कहा कि सिलावट सरकार में मिलावट कर रहे थे, उन्होंने पैसों के लिए जनमत की सौदेबाजी की, प्रियंका ने कहा कि तुलसी घर बैठें इसी में भलाई है..!

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। यहां इंदौर के सांवेर में प्रियंका ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। तीन दिन में प्रियंका गांधी का यह दूसरा इंदौर दौरा है।इस दौरान उन्होंने स्थानीय भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट पर भी जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि सिलावट सरकार में मिलावट कर रहे थे। उन्होंने पैसों के लिए जनमत की सौदेबाजी की। प्रियंका ने कहा कि तुलसी घर बैठें इसी में भलाई है।

यहां तक कि प्रियंका यहीं नहीं रुकीं उन्होंने BJP की तुलना अहिरावण से तक कर डाली। सांवेर की चुनावी सभा में उन्होंने कहा, 'अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी कुछ बहरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे भ्रष्टाचार लोक में ले गए। अगर आज आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा? इसलिए आपको हनुमान बनना पड़ेगा, कांग्रेस को वापस लाना पड़ेगा।'

प्रियंका ने शिवराज सरकार में जल संसाधन मंत्री और कमलनाथ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे तुलसीराम सिलावट को पर निशाना साधते हुए, 'जब कोरोना का कहर था, आपके यहां से स्वास्थ्य मंत्री सिलावट बेंगलुरु के रिजोर्ट में आपकी सरकार की सौदेबाजी कर रहे थे। वे सरकार में मिलावट कर रहे थे। एक ऐसा नेता जिसने पैसों के लिए जनमत को बिगाड़ दिया, अच्छा हुआ दूसरी पार्टी में चले गए।'

बता दें कि सिलावट 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए थे। सांवेर से भाजपा ने उन्हें टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू की बेटी रीना बौरासी मैदान में हैं। प्रियंका गांधी ने बुधवार को सांवेर के मतदाताओं से रीना बौरासी को जीत दिलाने की अपील की