सीधी-रीवा शहर के महिला थाने में सूबेदार भगवत पांडे के खिलाफ FIR दर्ज की गयी है। बताया जा रहा है कि रेप पीड़िता कई महीनों तक सीधी में शिकायत दर्ज़ कराने भटकती रही लेकिन सुनवाई नहीं होने पर वह रीवा आईजी के पास गई तब कहीं उसकी सुनवाई हो सकी। भगवत पांडे और पीड़िता के बीच बातचीत का ऑडियो भी वायरल है। 

कोरोना महामारी के दौरान ट्रैफिक सूबेदार की फेसबुक के जरिए महिला से दोस्ती हुई थी। शिकायतकर्ता ने उसके साथ दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। इस बीच युवती सूबेदार पर शादी का दबाव बना रही थी लेकिन सूबेदार शादी से मुकर गया। युवती ने सूबेदार से बात करने की कोशिश की लेकिन उसकी एक न सुनी गई। 

इसके बाद पीड़ित महिला अपनी शिकायत लेकर मंगलवार को रीवा IG के कार्यालय पहुंची। पुलिस महकमे का मामला देख भोपाल के आला अफसरों ने मामले पर संज्ञान लिया। इसके बाद  25 अप्रैल की देर शाम आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भगवत पांडे मूल रूप से सतना जिले के रहने वाले हैं। उनका गांव सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित है। पुलिस विभाग में शामिल होने के बाद भगवत पांडेय यूट्यूब स्टार बन गए। भगवत पाण्डेय ने कोरोना महामारी के दौरान फेसबुक के माध्यम से जरूरतमंदों की काफी मदद की। जहां वह अपने अंदाज में कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों को सजा दे रहे थे, वहीं अपनी पुलिसिंग से जिले ही नहीं देशभर में खूब सुर्खियां बटोरी थीं।