भोपाल के हमीदिया अस्पताल में मर्चुरी में रखे शव को चूहे ने कुतर दिए जाने के मामले को लेकर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री सारंग ने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए मॉड्यूलर मार्चयुरी बनाये जाने की भी बात कही है।
दरअसल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में 50 वर्षीय बीआर सिंह का सोमवार को निधन हो गया था। इसके बाद परिजनों ने रात 7 बजे शव को मर्चुरी मे रखवाया था। लेकिन मंगलवार को जब परिजन शव लेने पहुंचे तो जब डीप फ्रीज़र से शव को निकाला गया तो दोनों कानों से खून बह रहा था।
परिजनों ने जब हॉस्पिटल स्टाफ से पूछताछ की तो उन्होंने लापरवाही से कहा- यहां ऐसा तो होता रहता है। गुस्साए परिजनों ने आपत्ति जताई और मर्चुरी में ही हंगामा किया। वही इस मामले को लेकर प्रभारी डायरेक्टर का कहना था कि हम चूहों से परेशान है। मर्चुरी में चूहों की भरमार है। हमने चूहे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। केक भी रखते हैं, ताकि चूहों को कम किया जा सके। कुछ डीप फ्रीजर में छेद कर दिए हैं। हमारी कोशिश है दोबारा ऐसी घटना नहीं हो।