भोपाल: राज्य के वन विभाग ने वन क्षेत्रों में वृक्षारोपण के दौरान उनकी सुरक्षा हेतु फेंसिंग में निजी क्षेत्र से लिये जाने वाले बांसों के लिये दरें तय कर दी हैं। एपीसीसीएफ विकास शाखा यूके सुबुध्दि के अनुसार, ग्रेड ए के बांसों के लिये दर प्रति पोल दर 106 रुपये 70 पैसे होगी तथा इस बांस की लंबाई 2.10 मीटर तथा गोलाई 25 सेंमी होना चाहिये और मोटे सिरे पर 50 सेंमी तक डामर से पेंट होना चाहिये। 

इसी प्रकार, ग्रेड बी के बांस की दर 105 रुपये प्रति पोल होगी जिसकी लंबाई 2.10 मीटर तथा न्यूनतम गोलाई 17 सेंमी होना चाहिये। इसमें भी मोटे सिरे पर 50 सेंमी तक डामर से पेंट होना चाहिये। इन दरों में जीएसटी तथा परिवहन व्यय शामिल नहीं किया गया है। निजी क्षेत्र से कहा गया है कि वह वन विभाग को बांस प्रदाय करने के लिये अपना पंजीयन राज्य बांस मिशन भोपाल के कार्यालय में 28 फरवरी 2023 तक करवायें।

निजी क्षेत्र से कहा गया है कि वे पोल के ऊपरी सिरे को गांठ के ऊपर से इस प्रकार काटे जिससे इसमें वर्षा ऋतु का पानी न भरने पाये। यदि ऊपरी सिरे में किसी प्रकार का होल है तो ऊपरी सिरे पर बांस के ठोस टुकड़े से इस प्रकार पैक किया जाये जिससे उसमें पानी न भरने पाये।