मध्यप्रदेश में मौसम का हाल दोहरा रंग लिए नज़र आ रहा है। प्रदेश में कुछ इलाकों में तेज़ गर्मी हो रही है तो कई जिलों में आंधी - पानी का मौसम है। भोपाल में  देर रात से हल्की बूंदाबांदी और बारिश हो रही है। अगले तीन दिन ऐसे ही हालत बने रहने की उम्मीद है। 

मौसम विभाग ने गुरुवार को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और नर्मदापुरम के जिलों में कहीं-कहीं आंधी, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार जताए हैं। अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। वहीं बघेलखंड-बुंदेलखंड में तेज गर्मी पड़ रही है। बुधवार को खजुराहो में तापमान रिकॉर्ड 44.5 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि प्रदेश में दो सिस्टम एक्टिव हैं। साउथ राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा है। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। बुधवार को भोपाल, बड़वानी, सीहोर, इंदौर, झाबुआ, रायसेन, बैतूल, अलीराजपुर, धार, विदिशा, खरगोन में मौसम बदला सा रहा। यहां बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

हीटवेव की चेतावनी 

देश में अन्य राज्यों की बात करें तो उत्तर से लेकर दक्षिण तक के राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। यूपी, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत ज्यादातर राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास या उससे अधिक बना हुआ है। पूर्वी भारत के राज्यों में अगले तीन दिनों के लिए गर्मी को देखते हुए हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि 20 से 23 अप्रैल तक उत्तर पश्चिम भारत में झमाझम बारिश होने के संकेत हैं।