भोपाल: प्रदेश के छिन्दवाड़ा सहित छह जिलों के फारेस्ट एरिया में राज्य का वन विभाग कैम्पा फण्ड से अगले वित्त वर्ष में चंदन के पौधे लगायेगा। ये चंदन के पौधे कुल 142 हैक्टेयर क्षेत्र में लगेंगे तथा इस पर 1 करोड़ 65 लाख रुपये व्यय किये जायेंगे। इनमें पांच अन्य जिले हैं : सिवनी, उज्जैन, नीमच, देवास एवं दमोह। इन जिलों का चयन रेंडम आधार पर किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में वन विभाग के किसी भी डिपो से चंदन की लकड़ी की बिक्री नहीं होती है क्योंकि इनकी पैदावार बहुत कम हो गई है। जहां कहीं ये चंदन के पेड़ लगे भी हैं वहां इनकी कटाई कर चोरी हो जाती है क्योंकि यह बड़ी मूल्यवान होती है। वन विभाग चाहता है कि प्रदेश के वन क्षेत्रों में चंदन के पेड़ भी रहें। भविष्य में इनकी पैदावार बढऩे पर वन डिपो से इनकी बिक्री भी की जा सकेगी।