मध्यप्रदेश में कुछ जिलों में जहाँ बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। वहीं जबलपुर, छतरपुर, नर्मदापुरम, मंडला, रीवा, नौगांव, सीधी, उमरिया, खंडवा, गुना, रतलाम, नरसिंहपुर, सागर, बैतूल, धार, उज्जैन में भी गर्मी का तीखा असर दिख रहा है। 

गर्मी के प्रकोप को देखते हुए अब स्कूलों के समय में भी बदलाव किया जाने लगा है। जबलपुर और छतरपुर में अब स्कूल दोपहर के 12:30 बजे तक ही खुलेंगे। दोनों जिलों के कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। 

छतरपुर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में तापमान में वृद्धि होने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को गर्मी से बचाव के लिये जिले के सभी शासकीय-अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन का समय प्रातः 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक नियत किया गया है। 

वहीं गर्मी के चलते जबलपुर में एक दिन पहले ही स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया था। कलेक्टर के आदेश के बाद 19 अप्रैल से ही स्कूल सुबह 7 से दोपहर 12.30 बजे तक ही लगने लगे हैं।

इससे पहले मंगलवार को गर्मी के तीखे तेवर दिखे। खजुराहो में 43.5 और दमोह में 43.2 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में लगातार दूसरे दिन पारा 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 41.6, इंदौर में 38.3 और जबलपुर में 40.8 डिग्री रहा। प्रदेश के 23 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा।