मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने केंद्रीय मंत्रियों समेत कई दिग्गज नेताओं को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह कहा जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल में देर रात हुई बैठक में विधानसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है।
अब इन खबरों को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यालय से बयान जारी किया गया है। बयान में सिंधिया द्वारा चुनाव न लड़ने की खबर को भ्रामक और आधारहीन बताया गया है। शुक्रवार सुबह से ही सिंधिया द्वारा चुनाव लड़ने से इंकार किए जाने की खबर एक बडे मीडिया हाउस पर चल रही थी। इसके बाद सिंधिया के कार्यालय से यह बयान जारी किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट में यह कहा गया था कि भोपाल में सीएम हाउस में गुरुवार देर रात मध्यप्रदेश बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में बची 94 विधानसभा सीटों के लिए नामों पर चर्चा हुई। साथ ही बैठक के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद के विधानसभा चुनाव लड़ने पर असहमति जताई। खबर में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि सिंधिया ने कहा कि सारे लोग अगर चुनाव लड़ेंगे तो फिर प्रचार कौन करेगा। मेरे बजाए किसी अन्य कार्यकर्ता को मौका दिया जाना चाहिए।
खबर को लेकर सिंधिया के कार्यालय से जारी बयान के बाद यह भी कहा जा रहा है कि सिंधिया चुनाव लडेंगे या नहीं यह अभी तय नहीं है और इसका फैसला आलाकमान ही करेगा। जल्द ही भाजपा की पांचवी लिस्ट भी जारी होने को है। देखना यह है कि इस लिस्ट में सिंधिया क नाम आता है या नहीं।