केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अब गांधी परिवार के खिलाफ मुखर होने लगे हैं। ग्वालियर में प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा से ठीक एक दिन पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के साथ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी तीखा हमला बोला है।
दरअसल सिंधिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में तोड़ने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को न सिर्फ 1947 में देश के विभाजन का जिम्मेदार बताया बल्कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को भी सत्ता के लिए तुष्टिकरण से ओत-प्रोत बताया।
सिंधिया ने ट्वीट किया कि कांग्रेस ने 1947 में आजादी के बाद सत्ता के लिए देश तोड़ा और अब भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए गठबंधन की राजनीति कर रही हैं। सिंधिया ने यह ट्वीट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ट्वीट को शेयर करते हुए किया जिसमे खड़गे ने विपक्षी गठबंधन के नाम का उल्लेख करते हुए लिखा था कि हम लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ आए हैं। हम एक स्वर से गठबंधन के लिए एक नाम रखने पर सहमत हुए हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 21 जुलाई को ग्वालियर-चंबल संभाग के दौरे पर आ रही हैं। प्रियंका केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में हुंकार भरेंगी। वे ग्वालियर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका गांधी यहाँ मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित भी करेंगी। यह पहली बार है कि गांधी परिवार का कोई सदस्य सिंधिया के गढ़ में उन्हें सीधी चुनौती देने आ रहा है।