ग्वालियर को नववर्ष पर 778 करोड़ की बड़ी सौगात मिली है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंतरी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसके लिए अनुरोध किया था जिस पर केंद्रीय सड़क,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृति दे दी है।
मामला ग्वालियर में स्वर्ण रेखा नदी पर 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर से जुड़ा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर बताया कि केंद्रीय सड़क,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी ने मेरे अनुरोध पर महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गिरवाई पुलिस चौकी तक स्वर्ण रेखा नदी पर 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर (दूसरे चरण) के निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत 778.14 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
सिंधिया ने इस स्वीकृति को ग्वालियर के लिए नववर्ष की बड़ी सौगात बताया है। सिंधिया ने इसके लिए केंद्रीय सड़क,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरीजी को धन्यवाद भी ज्ञापित किया है। सिंधिया ने कहा कि इस निर्णय से न सिर्फ ग्वालियर में यातायात की समस्या का समाधान होगा बल्कि क्षेत्र को विकास के नए पथ भी मिलेंगे।