शाहरुख खान की फ़िल्म पठान का पूरे देश भर में विरोध जारी है। मध्यप्रदेश में भी पठान मुश्किलों से घिरी नज़र आ रही है। इंदौर में भी पठान के गाने और उसके पिक्चराइजेशन को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है, यहाँ तक कि विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
विरोध जताने के लिए लोगों ने शाहरुख खान के पोस्टर्स से लेकर पुतलों तक का दहन किया। हिदूवादी संगठन के कार्यकर्ता शाहरुख के पुतले पर लातें और डंडे बरसाते भी नज़र आए।
शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म पठान अगले साल रिलीज़ होने वाली है, लेकिन अभी से ही देशभर में हिदूवादी संगठन इसके विरोध में उतर आए हैं। प्रदेश के गृहमंत्री पहले ही पठान के गाने के विवादास्पद सीक्वेंस को दोबारा शूट के जाने के बाद ही प्रदेश में रिलीज़ किए जाने की अनुमति देने की बात कह चुके हैं।
पठान को लेकर आगे और क्या-क्या विवाद सामने आते हैं, ये तो वक्त ही बताएगा। फिलहाल तो केवल एक गाना ही सामने आया है और आलम ये है, कि देशभर में दीपिका की भगवा बिकनी को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी पठान के गीत और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की ड्रेस को लेकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि ''फिल्म पठान के गाने में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा बेहद आपत्तिजनक है और गाना दूषित मानसिकता के साथ फिल्माया गया है। गाने के दृश्यों व वेशभूषा को ठीक किया जाए अन्यथा फिल्म को मध्यप्रदेश में अनुमति दी जाए या नहीं दी जाए,यह विचारणीय होगा।”