मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सूबे के प्रतिभाशाली 78641 विद्यार्थियों को लैपटाप खरीदने के लिये उनके बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये भेजे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्कूलों की बुनियादी व्यवस्थाएं सुधारी गई हैं। शिक्षकों की बेहतरी के लिए भी काम हुए है ताकि बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिले। राजधानी के लालपरेड मैदान पर प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मान समारोह के लिये विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ एवं भोपाल जिले के 10 हजार विद्यार्थी के बीच पहुंचकर मुख्यंमंत्री ने उनसे संवाद भी किया। ये विद्यार्थी माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित शैक्षणिक सत्र 2022-23 की हायर सेकंडरी परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाए हैं।
प्रत्येक जिले से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एक- एक विद्यार्थी को इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। विद्यार्थी वर्चुअल भी शामिल रहे। आयुक्त लोक शिक्षण अनुभा श्रीवास्तव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की सत्र 2022-23 की कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रदेशभर में 78 हजार 641 विद्यार्थियों ने प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित किए हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत ये सभी विद्यार्थी लाभांवित होंगे।
'कांग्रेस ने बच्चों की जिंदगी बर्बाद करने का पाप किया'
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस को भी घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार आई तो उन्होने लैपटॉप भी बंद किए और फीस भराना भी बंद कर दी थी। उन्होने बच्चों की जिंदगी बर्बाद करने का पाप किया, लेकिन तुम्हे चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। तुम्हारा मामा मुख्यमंत्री है और मैंने तय किया है कि बच्चों की आंखो में आंसू नहीं आने दूंगा, माता-पिता को भी मजबूर नहीं होने दूंगा। मैं तुम्हारे सपनों को मरने नहीं दूंगा। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की फीस भरवाने की जिम्मेदारी मामा की है।