मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बेंगलुरु में उद्योगपतियों से चर्चा कर उन्हें जनवरी में इंदौर में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिये न्योता दिया। CM शिवराज ने बेंगलुरु में मप्र सरकार की तरफ से उद्योगों को प्रोत्साहन के लिये लागू की गई नीति और निवेश की अनुकूलता के संबंध में प्रेजेंटेशन भी दिया। इससे पहले शिवराज ने मुंबई जाकर भी शीर्ष उद्योगपतियों से चर्चा कर मप्र में निवेश के लिये आमंत्रित किया था।
सीएम ने उद्योगपतियों से कहा कि हमारी यह कोशिश रहती है कि आप मध्यप्रदेश आयें और इन्वेस्टमेंट के बाद भी आपको कोई कष्ट न हो। सीएम ने आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश में निवेश करने में कोई दिक्कत व परेशानी नहीं आएगी। यहाँ हर जगह जमीन उपलब्ध है। पानी, बिजली और स्किल मैन पावर हमारे पास है।
सीएम ने बेंगलुरु में उद्यमियों से भेंट तथा विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के सीईओ के साथ राउंड टेबल बैठक व मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर पर संवाद सत्र के पश्चात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया के प्रश्नों के उत्तर भी दिये।
सरकार को मुंबई के बाद बेंगलुरु से ही उम्मीद: उद्योग विभाग को मुंबई के निवेशकों के बाद सर्वाधिक उम्मीद बेंगलुरु से ही है। यहां आईटी सेक्टर के अलावा टेक्सटाइल सहित कुछ अन्य सेक्टर से भी निवेश एमपी में आने की संभावना है। आईटी को लेकर एमपीआईडीसी के अधिकारी आईटी पार्क श्री, प्लग एंड प्ले, पहले से आई हुई कंपनियों की जानकारी भी वहां मौजूद कंपनियों को दे रहे हैं।