मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की लाड़ली बेटियों के लिए शुक्रवार को खुश की ख़बर सुनाई। मामा शिवराज ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत लाड़ली बेटियाँ अब अपने उपहार खुद चुनेंगी। यानी अब मामा शिवराज चेक देंगे और प्रदेश की बेटियां अपनी मर्जी से जरूरत का सामान खरीद सकेंगी।
यह बात सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुराहनपुर जिले में 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' एवं 'पेसा एक्ट जागरुकता' सम्मेलन में कही। इससे पहले सीएम शिवराज ने शाहपुर में जनता की सेवा में अपना जीवन अर्पित करने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. नंदकुमार चौहान "नंदू भैया की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर सीएम ने कहा नंदू भैया जैसे उत्तम नेता को हमने जल्दी खो दिया। आज उनकी प्रतिमा का शाहपुर में अनावरण हुआ है। उनकी प्रतिमा हमे सदैव प्रेरणा देती रहेगी। उनकी प्रेरणा से हम खंडवा, शाहपुर, बुरहानपुर, बागली के विकास के लिए सदैव प्रयत्न करते रहेंगे।
सीएम ने कहा कि पिछड़े वर्ग के मेरे बेटा-बेटियों की पढ़ाई में कोई परेशानी का न हो, इसके लिए आज मैंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खाते में ₹300 करोड़ की राशि का अंतरण किया। हमारे बच्चे ठीक से पढ़ें-लिखें और आगे बढ़ें, इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमने मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना लागू की और तय किया कि मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी सहित कहीं भी एडमिशन होने पर बच्चों की फीस हम भरवाएंगे
आगे बोलते हुए सीएम ने कहा बहनों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं मैंने बनाईं। इस बार 12वीं में शासकीय स्कूल में टॉप करने वाली बेटी को ई-स्कूटी दी जाएगी। मैं वचन देता हूं कि बहनों की राखी का मान-सम्मान कभी कम नहीं होने दूंगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहनों का सम्मान बढ़ाने की योजना है। गाँव-गाँव में शिविर लगाकर इस योजना के फॉर्म भरे जाएंगे।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल पहुंचाने का चमत्कार बुरहानपुर में हुआ। पानी का स्तर सदैव ठीक बना रहे, इसके लिए हमने ₹1400 करोड़ लागत की एक योजना स्वीकृत की है जो जल स्रोतों को कभी खत्म नहीं होने देगी और बुरहानपुर को सदैव पानी देगी।