शिवराज ने BJP जिलाध्यक्ष को हाथों से पहनाए जूते, जानिए क्या है कारण?


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

अनूपपुर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, शेयर किया वीडियो..!!

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अनूपपुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष रामदास पुरी को जूते पहनाकर उनका संकल्प पूरा कराया। रामदास पुरी ने पिछले 6 साल से जूते-चप्पल नहीं पहने थे।

दरअसल उन्होंने 2017-18 में प्रतिज्ञा की थी कि जब तक दोबारा भाजपा की सरकार नहीं बनेगी तब तक वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें खुद जूते पहनाकर संकल्प पूरा किया।

पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान ने रामदास पुरी के समर्पण को अनुकरणीय बताते हुए इस भावुक पल का वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने X पर लिखा कि रामदास पुरी जैसे कार्यकर्ता पार्टी की शक्ति और पूंजी हैं...

पूर्व सीएम ने जैसे ही रामदास पुरी को जूते पहनाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया वे उनके चरणों में नतमस्तक हो गए। जिस  पर शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें गले से लगा लिया। सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी वायरल है। यूजर्स पुरी के संकल्प और दृढ़ निश्चय की सराहना कर रहे हैं। आपको बता दें रामदास पुरी पिछले 6 साल से बिना जूतों के ठंड और गर्मी में रह रहे थे और पार्टी सेवा में लगे हुए थे।