मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने गुरुवार को सीधी कांड के पीड़ित पक्ष से मुलाक़ात की। सीएम हाउस पहुंचे पीड़ित परिवार से मुख्यमंत्री शिवराज चौहान आत्मीयता से मिले और कुर्सी पर बिठाकर पीड़ित दशमत के पैर पखारे और नारियल श्रीफल देकर माफी भी मांगी।
इतना ही नहीं सीएम शिवराज ने दशमत को सुदामा कहा और कहा कि तुम अब मेरे दोस्त हो। सीएम ने दशमत के पैर धोते हुए एक वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल पर भी शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए सीएम ने लिखा -
यह वीडियो मैं आपके साथ इसलिए साझा कर रहा हूँ कि सब समझ लें कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान है, तो जनता भगवान है। किसी के साथ भी अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। राज्य के हर नागरिक का सम्मान मेरा सम्मान है।”
एक अन्य ट्वीट में सीएम शिवराज ने लिखा है, “मन दु:खी है; दशमत जी आपकी पीड़ा बाँटने का यह प्रयास है, आपसे माफी भी माँगता हूँ, मेरे लिए जनता ही भगवान है! ”
सीएम शिवराज ने दशमत से उसके परिवार और काम के संबंध में जानकारी भी ली। सीएम ने दशमत से अनेक विषयों पर चर्चा की, जैसे कि क्या करते हो, घर चलाने के क्या साधन है, कौन कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। बेटी लाड़ली लक्ष्मी है। पत्नी को लाड़ली बहना का लाभ मिल रहा है। आवास योजना का लाभ मिला है। बेटी को पढ़ाना है, बेटियां आगे बढ़ रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जबसे मैंने सीधी की घटना का वीडियो देखा, अंतर्मन अत्यधिक व्याकुल और हृदय पीड़ा से भरा हुआ है। मैं तबसे ही दशमत जी से मिलकर उनका दुःख बांटना चाहता था और यह विश्वास भी दिलाना चाहता था कि उनको न्याय मिलेगा। उनसे और उनके परिवार से भोपाल में अपने निवास पर मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ परिवार को ढांढस बंधाऊंगा।
आपको बता दें, कि आरोपी भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर एनएसए लगाया गया है। वही मामले की जांच के लिए BJP ने जांच कमेटी भी बनाई है। आरोपी BJP कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला के घर पर बुलडोजर चलाया गया है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें एक शख्स सीढ़ियों पर बैठे दूसरे शख्स पर पेशाब करता नजर आ रहा है। वीडियो में कथित तौर पर आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाला शख्स बीजेपी नेता प्रवेश शुक्ला है। प्रवेश शुक्ला को लेकर देशभर के लोगों में काफी गुस्सा है।