सिंधी साहित्य सभा का अवार्ड समारोह 29 अक्टूबर को भोपाल में होगा। सभा के जोनल सचिव श्री साबू रीझवानी ने बताया कि सुहिणा सिंधी समारोह के अंतर्गत देश की आठ विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। सिंधी बोली साहित्य सभा देश की जिन आठ विभूतियों को लेखन, सिंधी पत्रकारिता, चित्रकला, नाटक, गायन और संगीत साधना के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शंभू जयसिंघानी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जयसिंघानी जिनकी आयु 95 वर्ष है, भारत छोड़ो आंदोलन में शामिल रहे स्वतंत्रता सेनानी भी हैं। कार्यक्रम में मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी मुख्य अतिथि और राजेंद्र मनवानी विशेष अतिथि होंगे।
सभा उपाध्यक्ष कैलाश बालानी, साहित्य सभा की महामंत्री अंजलि तुलसियानी, दिल्ली भी कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं। सुहिणा सिंधी समारोह में रंगमंच निर्देशक कविता इसरानी के निर्देशन में साहित्य अकादमी पुरस्कृत लेखक श्री खीमन यू मुलाणी के सिंधी नाटक पोस्टकार्ड का मंचन भी किया जाएगा। सिंधी बोली साहित्य सभा प्रति वर्ष सिंधी साहित्य, कला, रंगमंच और पत्रकारिता क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करती है।

वर्तमान में प्रत्येक सम्मान में 50 हजार रुपए की सम्मान निधि, शाल, श्रीफल और सम्मान पट्टिका प्रदान की जाती है। भोपाल के साहित्यकार भी कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।
9 अक्टूबर को होगा सिंधी नाटक पोस्टकार्ड का मंचन
अखिल भारत सिधी बोली साहित्य सभा के बैनर पर 29 अक्टूबर की शाम सिन्धु भवन भोपाल में सम्मानित हो रही विभूतियां कला, संगीत और लेखन के क्षेत्र में माहिर हैं। निर्णायक समिति द्वारा इस वर्ष चित्रकला के लिए भोपाल के चित्रकार रमेश नानवाणी का चयन किया गया है। राजधानी से दो अन्य चयन हुए हैं जिनमें 94 वर्ष के गजल गायक और शास्त्रीय संगीत में सिद्धहस्त बुजुर्ग फनकार प्रताप राय तनवाणी और सिंधी अखबार अखंड सिन्धु संसार के संपादक श्री ज्ञान लालवाणी भी शामिल हैं। पुरस्कार समारोह के अवसर पर कविता इसराणी के निर्देशन में सिन्धी नाटक पोस्टकार्ड का मंचन भी किया जाएगा।