समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश के विन्ध्य क्षेत्र से अपने चुनावी समर की शुरुआत कर दी है। बुधवार को मध्यप्रदेश में रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में अखिलेश यादव ने एक सभा को संबोधित कर मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार का आगाज़ किया।

इस मौके पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, मध्यप्रदेश में सपा पिछले कई सालों से चुनाव लड़ रही है। मध्यप्रदेश में समाजवादियों ने काम किया है और यहां पर समाजवादी विचारधारा की जरूरत है। यहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, महंगाई और अन्याय बढ़ा है। हमें उम्मीद है कि इस बार सपा अधिक सीटें जीतेगी।

अखिलेश ने आगे कहा कि मैं स्वीकार करता हूं कि इंडिया गठबंधन है, लेकिन गठबंधन के अंदर समाजवादी पार्टी भी है। समाजवादी पार्टी की अपनी एक अलग रास्ते की लड़ाई भी है। विन्ध्य उत्तरप्रदेश की सीमा से लगा हुआ है यहां UP की राजनीति का असर भी देखा जाता है। वहीं सपा बुंदेलखंड की कई सीटों में अच्छा खासा प्रभाव रखती है क्योंकि वहाँ कि कई सीटों पर यादव मतदाता ही निर्णायक भूमिका में है।

गौरतलब है, कि अखिलेश यादव मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे हैं। इसी के चलते दो दिनों के दौरे पर अखिलेश मध्यप्रदेश पहुंचे हैं। सपा मुखिया यहां विधानसभा चुनाव के लिए सपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करें वोट मांग रहे हैं। साथ ही अखिलेश यादव चुनाव प्रचार के जरिए इंडिया गठबंधन को मजबूत करने का काम भी कर रहे हैं।